कैबिनेट सब कमेटी की मीटिंग आज: पंजाब के 36 हजार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने पर मंथन

पंजाब सरकार की कैबिनेट सब कमेटी की मीटिंग आज चंडीगढ़ में होगी। इसमें 36 हजार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने पर मंथन होगा। मीटिंग की अगुआई चेयरमैन वित्तमंत्री हरपाल चीमा करेंगे। उनके साथ मंत्री हरजोत बैंस और गुरमीत मीत हेयर भी होंगे। आम आदमी पार्टी ने सरकार बनते ही कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का ऐलान किया था। इसी को सिरे चढ़ाने के लिए कैबिनेट सब कमेटी के जरिए मंथन किया जा रहा है।
कानूनी चक्कर से बचने की कोशिश
पंजाब में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के कई केस अदालतों में चल रहे हैं। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी केस पेंडिंग हैं। कर्मचारियों को पक्का करने फैसले के बाद कोई कानूनी अड़चन न पड़े, इसलिए कमेटी बनाई गई है। इसमें पंजाब के एडवोकेट जनरल अनमोल रतन सिद्धू को भी शामिल किया गया है। यह कमेटी इन सब पहलुओं पर गौर कर मुख्यमंत्री को रिपोर्ट सौंपेगी। जिसके बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा।
कांग्रेस सरकार की फाइल पर लगा था ऑब्जेक्शन
विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले पिछली कांग्रेस सरकार ने भी 36 हजार कर्मचारियों को पक्का करने का ऐलान किया था। इस बाबत फाइल पास कर गवर्नर को भेज दी गई। हालांकि तब तत्कालीन सीएम चरणजीत चन्नी ने कहा कि राजनीतिक कारणों से गवर्नर ने फाइल रोक ली। इस पर गवर्नर ऑफिस से कहा गया कि इस प्रस्ताव को मंजूरी देने से पहले कई कानूनी ऑब्जेक्शन पर सरकार स्थिति क्लियर करे। जिसके बाद यह मामला अटक गया।